Holashtak: होलाष्टक हैं ‘प्रह्लाद’ और ‘रति’ के तप के प्रतीक के आठ दिन

होली से आठ दिन पहले यानी फाल्गुन शुक्ल अष्टमी से ‘होलाष्टक’ आरंभ हो जाते हैं। इन दिनों सभी प्रकार के मांगलिक कार्य वर्जित माने गए हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार यही वे दिन हैं, जब हिरण्यकशिपु ने प्रह्लाद को मृत्यु तुल्य कष्ट देने शुरू किए थे।
हिरण्यकशिपु का धैर्य छूट रहा था। लाख समझाने पर भी प्रह्लाद भगवान विष्णु की भक्ति से नहीं डिग रहा था। इससे नाराज होकर उसने प्रह्लाद को दंड देने के लिए क्रूरतम तरीकों को आजमाना शुरू कर दिया। पहले प्रह्लाद को ऊंचे पहाड़ की चोटी से नीचे गिराया, लेकिन उसे कुछ नहीं हुआ। जिस दिन प्रह्लाद को ऐसे कठोरतम दंड देने की शुरुआत हुई, उस दिन फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी थी। इसे बाद प्रत्येक दिन उसे इस तरह के दंड मिलने शुरू हो गए। कभी उसे हाथी के पैरों तले कुचलवाया गया, तो कभी गर्म तेल के कहाड़े में डाल दिया गया। लेकिन भक्त प्रह्लाद पर कोई आंच नहीं आई। यातना देने का यह क्रम आठ दिनों तक चला। हारकर नौवें दिन हिरण्यकशिपु ने अपनी बहन ‘होलिका’ की गोद में प्रह्लाद को बैठाकर जिंदा जलाने की चेष्टा की। होलिका को वरदान था कि उसे अग्नि नहीं जला सकती, लेकिन होलिका जलकर भस्म हो गई और प्रह्लाद को कुछ भी नहीं हुआ।
इन आठ दिनों में हिरण्यकशिपु ने प्रह्लाद को जो भयंकर यातनाएं दीं, उन्हीं की दुखद स्मृति को याद कर इन आठ दिनों को ‘होलाष्टक’ के रूप में मनाया जाता है। इन दिनों हर प्रकार के मांगलिक और शुभ कार्य वर्जित होते हैं। लेकिन इसमें ईश्वर की पूजा-पाठ और आराधना में किसी प्रकार रोक-टोक नहीं है।
होलाष्टक के समय अष्टमी के दिन चंद्रमा, नवमी तिथि को सूर्य, दशमी को शनि, एकादशी को शुक्र, द्वादशी को बृहस्पति, त्रयोदशी को बुध, चतुर्दशी को मंगल और पूर्णिमा को राहु, भक्त प्रह्लाद पर अत्याचार होने के कारण अपने उग्र रूप में होते हैं। इस दौरान शुभ कार्यों को भी करने से अशुभ फल मिलने की संभावना अधिक रहती है।
‘होलाष्टक’ से जुड़ी एक अन्य पौराणिक कथा भी है। कहा जाता है कि भगवान शिव की समाधि को भंग करने के लिए ‘कामदेव’ ने शिव पर अपने ‘पुष्प’ बाण से प्रहार किया था। उस बाण से शिव के मन में प्रेम और काम का संचार होने के कारण उनकी समाधि भंग हो गई। इससे क्रुद्ध होकर शिव ने अपने तीसरे नेत्र से कामदेव को भस्म कर दिया।
यह घटनाक्रम फाल्गुन मास की शुक्ल पक्ष की अष्टमी के ही दिन हुआ था। जब कामदेव की पत्नी ‘रति’ को इस घटना का पता चला तो वह अपने पति को दोबारा जीवित करने के लिए भगवान शिव की शरण में पहुंचकर उनकी आराधना करने लगी। आठ दिन की प्रतीक्षा के पश्चात भगवान शिव ने रति को वरदान देते हुए कहा कि द्वापर युग में कामदेव कृष्ण के पुत्र ‘प्रद्युुम्न’ के रूप में जन्म लेंगे। होलाष्टक के ये आठ दिन रति के तप और प्रतीक्षा के भी दिन हैं।