Haryana News

'भारत मैट्रिमोनी' के होली वाले वीडियो में ऐसा क्या कि शुरू हो गई बहस, लोग करने लगे बायकॉट की अपील

 | 
'भारत मैट्रिमोनी' के होली वाले वीडियो में ऐसा क्या कि शुरू हो गई बहस, लोग करने लगे बायकॉट की अपील

ऑनलाइन रिश्ते तलाशने की वेबसाइट 'भारत मैट्रिमोनी' ने होली पर एक ऐसा वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया जिसको लेकर बहस शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो का विरोध कर रहे हैं। ट्विटर पर इसके विरोध में #BoycottBharatMatrimony भी ट्रेंड होने लगा। बता दें कि इस बार होली और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एक ही दिन था। बहुत सारे लोगों ने इस वीडियो की तारीफ भी की। 

वीडियो में क्या है
भारत मैट्रिमोनी ने 75 सेकंड का वीडियो क्लिप ट्वीट किया। इसके कैप्शन में लिखा गया, बहुत सारी महिलाओं ने होली खेलना इसलिए छोड़ दिया क्योंकि उनपर अत्याचार होता है और वे सदमे में चली जाती हैं। यह वीडियो देखें जिसमें इसे सीधे तरीके से समझाने की कोशिश की गई है। आइए, इस होली महिला दिवस मनाएं। उनको हर दिन सुरक्षित रखने का संकल्प लें। 


एक दूसरेपोस्ट में लिखा गया, 'आइए इस होली और महिला दिवस पर महिलाओं के लिए ज्यादा समावेशी माहौल बनाएं। जरूरी है कि हम जानें कि महिलाओं की चुनौतियां क्या हैं और ऐसा समाज बनाएं जो आज और हमेसा महिलाओं का सम्मान करे।'

वीडियो में दिखाया गया है कि एक महिला कई तरह के रंग चेहरे पर लगाई आईने के सामने आती है। वह अपना रंग और गुलाल धोती है फिर चेहरा साफ हो जाता है। उसकी  आंखों के नीचे काले निशान होते हैं। ऐसा लगता है उसे प्रताड़ित किया गया है और वह सदमे में है। इसके बाद टेक्स्ट के जरिए कहा जाता है, 'कुछ रंग ऐसे होते हैं जो कि आसानी से नहीं धुलते।' यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 

सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, 'बहुत सारी महिलाओं का ट्रेन में शोषण होता है क्या यह ट्रेन की गलती है? क्या वे ट्रेन में सफर करना बंद कर दें? प्रताड़ना बुराई है और इसके खिलाफ मिलकर लड़ने की जरूरत है। पवित्र होली को इसमें घसीटने की जरूरत नहीं है।' वहीं एक शख्स ने वीडियो तंज कसा और कहा. बहुत अच्छा, भारत मैट्रिमोनी को घरेलू हिंसा और दहेज  पर भी वीडियो बनाना चाहिए। जिस बिजनस से करोड़ो कमा रहा है उसमें क्या होता है। लेकिन यह ऐसा नहीं करेगा। 

होली से जोड़ने पर लोगों को आपत्ति
एक यूजर ने कहा कि इस मामले को होली से जोड़ने से अच्छा था कि किसी और दिन शेयर किया गया होता। इसे उन लोगों को भेजना चाहिए जो महिलाओं के साथ अत्याचार करते हैं। एक शख्स ने वीडियो की तारीफ की और कहा, 'भारत मैट्रिमोनी त्योहार के सही रंग दिखा रहा है। एक तिहाई महिलाओं ने होली खेलना इसलिए छोड़ दिया क्योंकि उनके साथ छेड़छाड़ होती है।' भारत मैट्रिमोनी ने एक बार वीडियो डिलीट भी किया और फिर ट्वीट टेक्स्ट बदलकर दोबारा शेयर किया।