प्रेग्नेंसी में खाने की इन चीजों से करें परहेज, हो सकता है खतरा

प्रेग्नेंसी के शुरुआती दिनों में महिलाओं को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। इन दिनों शरीर में काफी बदलाव हो रहे होते हैं। कई चीजों का स्वाद अच्छा लगता है तो कुछ चीजों की महक से ही उल्टी आने लगती है। शरीर को इस वक्त अच्छे खान-पान की जरूरत भी होती है। ऐसे में फल पोषक तत्वों का सबसे अच्छा नैचुरल सोर्स होते हैं। हालांकि प्रेग्नेंट महिलाओं को कुछ फल न खाने की सलाह भी दी जाती है। यहां जानें प्रेग्नेंसी में कौन से फ्रूट्स खाएं और किन्हें खाने से परहेज करें।
हेल्दी रखें डायट
गर्भावस्था के दौरान महिलाएं हेल्दी डायट लेने की भरपूर कोशिश करती हैं। कई बार उन्हें ऐसी चीजें खाने का मन भी करता है जो उनकी हेल्थ के लिए ठीक नहीं होतीं। वहीं कुछ उनकी सेहत के लिए बेहद काम के होते हैं। पहले बात करेंगे उन फलों की जिन्हें प्रेग्नेंसी के दौरान खाना बेहद जरूरी होता है।
संतरा
संतरे में विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है। इनमें फोलेट होता है जो कि भ्रूण के विकास के लिए बेहद जरूरी होता है। शुरुआती दिनों में जी मिचलता है तो टेस्ट के लिहाज से भी संतरा अच्छा होता है। संतरे के जूस के बजाय फल खाएं तो बेस्ट रहेगा।
केला
केला के न्यूट्रीशनल वैल्यू भी काफी ज्यादा होती है। इनमें कार्बोहाइड्रेट होता है, इससे आपको ऊर्जा मिलती है। यह आपका हीमोग्लोबिन लेवल भी बढ़ाता है। अगर आपको कोई एलर्जी या डायबिटीज नहीं है तो आराम से केला खा सकती हैं।
सेब
दुनिया के सबसे हेल्दी फलों में सेब की भी गिनती होती है। इसमें प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फाइबर्स, विटामिन सी, पोटेशियम, क्वर्सेटिन जैसे कई ऐंटीऑक्सीडेंट्स भी होते हैं। यह आपको और आपके होने वाले बच्चे को भरपूर न्यूट्रीशन देता है।
क्या न खाएं
प्रेग्नेंसी के दौरान पपीता न खाने की सलाह दी जाती है। ऐसा माना जाता है कि पपीता जब ठीक से पका नहीं होता तो इसमें जो लैटेक्स पाया जाता है वह पेट में कॉन्ट्रैक्शन पैदा कर सकता है। इस वजह से आपके बच्चे को दिक्कत हो सकती है और पेट में दर्द भी हो सकता है। माना जाता है कि इससे मिसकैरिज तक हो सकता है।