Haryana Ka Mousam: हरियाणा में मौसम ने ली करवट, कुछ जिलों में छिटपुट बारिश, जाने कैसा रहेगा आज का मौसम

15 सितंबर के बाद फिर से बारिश के आसार बन सकते हैं। हरियाणा में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हिसार में पिछले नौ दिन से तापमान 39 डिग्री तक बना हुआ था, जो घटकर 36.2 डिग्री पहुंच गया है।
सबसे ज्यादा तापमान में गिरावट मेवात में 5.4 डिग्री की दर्ज की गई। करनाल के तापमान में 4.5 डिग्री की गिरावट आई। शनिवार को करनाल का तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राज्य के अधिकतम औसत तापमान में 2.7 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई।
उधर, मानसून सीजन की बारिश सामान्य से दो फीसदी कम हो गई है। दस सितंबर तक हरियाणा के अधिकतर जिले सूखे रहे हैं। पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, रोहतक और सोनीपत में छिटपुट बारिश दर्ज की गई थी।
पूर्वी भारत को लेकर मौसम विभाग ने कहा है कि सब हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार में 9 सितंबर, अंडमान और निकोबार में 9-12 सितंबर और ओडिशा में 12 व 13 सितंबर को कुछ जगहों पर तेज बारिश होगी। दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में 9-10 सितंबर, केरल और माहे में 9-11 सितंबर और तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में 12 और 13 सितंबर को भारी बारिश होने वाली है।
इसके अलावा, मध्य भारत को लेकर मौसम विभाग ने बताया है कि मध्य प्रदेश में 9-11 सितंबर के बीच भारी बारिश होगी। इसके अलावा, पश्चिमी भारत की बात करें तो मराठवाड़ा, गुजरात में 9 सितंबर, कोंकण और गुजरात में 9 और 10 सितंबर को तेज बारिश होगी। उत्तर पश्चिम भारत को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि पूर्वी राजस्थान में 9 सितंबर, उत्तर प्रदेश में 9 और 10 सितंबर, उत्तराखंड में 9 और 13 सितंबर को कई जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है।