IMD Rainfall Alert: इन राज्यों में अगले 5 दिनों तक होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग की चेतावनी

IMD Rain Alert: अंडमान सागर के आसपास सर्कुलेशन बना हुआ है। इसकी वजह से दक्षिणी प्रायद्वीप के राज्यों में चार से पांच दिनों तक बारिश देखने को मिलेगी। वहीं, उत्तर भारत में सर्दी पड़ रही है।
IMD Rainfall Alert, Weather Forecast 26 November: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। तापमान भी पिछले कुछ दिनों में काफी तेजी से कम हुआ है। राजस्थान के कुछ इलाकों में शीतलहर चलना भी शुरू हो चुकी है। दूसरी ओर दक्षिण के राज्यों में अगले चार से पांच दिनों तक बारिश जारी रहेगी।
मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के राज्यों में न्यूनतम तापमान अगले चार से पांच दिनों तक 8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला है। पूर्वी राजस्थान में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति देखने को मिलेगी।
अंडमान सागर के आसपास सर्कुलेशन बना हुआ है। इसकी वजह से दक्षिणी प्रायद्वीप के राज्यों में चार से पांच दिनों तक बारिश देखने को मिलेगी। अंडमान और निकोबार, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम गति की बारिश होने वाली है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले पांच दिनों तक ज्यादातर राज्यों में बहुत ज्यादा तापमान में बदलाव होने की संभावना नहीं है।
राजस्थान के फतेहपुर व चुरू में पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस
राजस्थान के चुरू व फतेहपुर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 6.0, भीलवाड़ा में 7.0, संगरिया में 7.5, अलवर व नागौर में 8.0, पिलानी में 8.2 और गंगानगर में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में बीते चौबीस घंटे में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 27.8 डिग्री व 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 322 रहा। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच एक्यूआई 'गंभीर' माना जाता है। मौसम कार्यालय ने दिन में आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान व्यक्त किया है।