Haryana News

किसानों की बल्ले-बल्ले कर रही धान की 1509 किस्म, रेट 3600 पार

 | 
किसानों की बल्ले-बल्ले कर रही धान की 1509 किस्म, रेट 3600 पार

धान की 1509 किस्म मंडियों में पहुंच चुकी है। जिले के रादौर मंडी में आवक ज्यादा है। रेट के लिहाज से इस बार धान की यह किस्म किसानों की बल्ले-बल्ले कर रही है। प्रति क्विंटल रेट 3600 पार कर चुका है। जबकि गत वर्ष तीन हजार रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी है। इन दिनों कटाई जोरों पर है। खेत खाली होने के बाद किसान अब दूसरी फसल की तैयारी कर सकेंगे।

बता दें कि जिले में बड़े स्तर पर धान की खेती होती है। इसमें 1509 किस्म अगेती होने के कारण जल्दी पककर तैयार हो जाती है। अच्छे दाम मिलने से किसान खुश हैं। जिला में पांच हजार हेक्टेयर से अधिक एरिया में धान की यह किस्म है।

अब ले सकेंगे आलू या सब्जी की फसल

धान की फसल को लेकर इस बार मौसम सामान्य रहा। बारिश भी अधिक नहीं हुई। फसल लेकर आए किसान दलीप कुमार, रमेश कुमार व रविंद्र ने बताया कि इस बार पैदावार बत वर्ष से कम है, लेकिन दाम अच्छे मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष तीन हजार से 3200 रुपये प्रति क्विंटल तक इस किस्म की धान बिकी। इससे पहले वर्ष 1800-1900 रुपये तक रही। अगेती फसल लेने से उन्हें एक फसल अधिक लेने का अवसर मिलता है। धान की कटाई के उपरांत वे अपने खेतों में आलू, तोरी या अन्य सब्जियों की बिजाई कर सकते हैं।

90 दिन में पककर तैयार

किसानों का कहना है कि धान की 1509 किस्म किसानों के लिए काफी फायदेमंद हैं। यह किस्म कम अवधि की है। 90 दिन में पककर तैयार हो जाती है। फिलहाल रादौर व जगाधरी अनाज मंडी में ही इस किस्म की धान पहुंच रही है। हर दिन 10-15 हजार बोरी हर दिन पहुंच रही हैं। धान में नमी की मात्रा फिलहाल अधिक है। बिकने से पहले फसल को सुखाना पड़ रहा है। इसकी खरीद भी प्राइवेट खरीदारों द्वारा की जा रही है। उप्र के काफी किसान 1509 वैरायटी लेकर आ रहे हैं। अाढ़ती संदीप कुमार व विनोद कुमार का कहना है कि इस बार धान की पकाई के लिए मौसम अच्छा रहा। दाम भी अच्छे मिलने से किसानों को फायदा होगा।