Udupi Assembly Results: बुर्के पर जहां मचा बवाल, कर्नाटक की उडुपी सीट पर भाजपा-कांग्रेस में कौन जीता

Udupi Assembly Results: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणामों की तस्वीर अब स्पष्ट हो चुकी है। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई अपनी हार स्वीकार कर चुके हैं और कांग्रेस बड़े मार्जिन से प्रदेश में सरकार बनाने रही है। प्रदेश की हॉट सीटों की बात करें तो उडुपी विधानसभा पर दिग्गजों की पैनी नजर थी। यह वही निर्वाचन क्षेत्र है, जहां बुर्के को लेकर जमकर बवाल मचा था। इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर थी। इस सीट किसने बाजी मारी, आइए जानते हैं।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में उम्मीद के विपरीत उडुपी सीट पर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों में एक तरफा मुकाबला देखने को मिला। शुरुआती रुझानों से ही भाजपा इस सीट पर कांग्रेस से आगे चल रही थी। उडुपी सीट पर भाजपा प्रत्याशी यशपाल सुवर्णा ने बड़ी जीत दर्ज की है। बुर्के के खिलाफ आंदोलन में यशपाल भाजपा के पोस्टर बॉय भी रहे। वो अपने सबसे निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार प्रसादराज कंचन से काफी अंतर से जीते।
भारतीय चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे पहले नंबर पर भाजपा प्रत्याशी यशपाल ए सुवर्णा रहे। उन्हें 97079 वोट मिले। दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रसादराज कंचन। उन्हें 63804 वोट मिले। यशपाल ने प्रसादराज को 32776 वोटों के अंतर से शिकस्त दी।
उडुपी से शुरू हुआ था बुर्का विवाद
गौरतलब है कि ये मामला अक्टूबर 2021 से शुरू हुआ, जब एक पीयू कॉलेज की कुछ छात्राओं ने हिजाब पहनने की मांग शुरू की। इसके बाद मामला दब गया, लेकिन 31 दिसंबर 2021 को उडुपी के सरकारी पीयू कॉलेज में हिजाब पहनकर आई 6 छात्राओं को क्लास में आने से रोक दिया गया, जिसके बाद कॉलेज के बाहर प्रदर्शन शुरू हो गया और मामला सुर्खियों में आया। इसी दिन मामला हाईकोर्ट पहुंच गया था।