Haryana News

अरविंद केजरीवाल के गृह राज्य हरियाणा में AAP की नई टीम, पूर्व कांग्रेसी को प्रचार की कमान

 | 
अरविंद केजरीवाल के गृह राज्य हरियाणा में AAP की नई टीम, पूर्व कांग्रेसी को प्रचार की कमान

अरविंद केजरीवाल के गृह राज्य हरियाणा में आम आदमी पार्टी ने नई टीम का गठन कर दिया है। कारोबारी और राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा कांग्रेस के नेता रहे अशोक तंवर को पार्टी ने कैंपेन कमिटी का चेयरमैन बना दिया है। वह लंबे समय तक कांग्रेस में रहने के बाद नवंबर 2021 में टीएमसी में शामिल हो गए थे और फिर बीते साल ही आम आदमी पार्टी का हिस्सा बने। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने पूर्व विधायक निर्मल सिंह को नेशनल जॉइंट सेक्रेटरी बनाया है। अनुराग ढांडा को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट का पद मिला है। 

अगले साल ही लोकसभा चुनाव होने हैं और उसके बाद हरियाणा के विधानसभा चुनाव भी हैं। इस लिहाज से आम आदमी पार्टी में हुआ यह बदलाव अहम है। अरविंद केजरीवाल पहले भी हरियाणा में पार्टी के विस्तार पर काफी जोर देते रहे हैं। इसी साल 25 जनवरी को आम आदमी पार्टी ने राज्य की अपनी पूरी यूनिट को ही भंग कर दिया था। आम आदमी पार्टी ने अपनी हरियाणा यूनिट में लगभग हर तबके का ख्याल रखा है। बलबीर सिंह सैनी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा बंता सिंह वाल्मीकि और चित्रा सरवर को भी उपाध्यक्ष का पद मिला है। 

जातीय समीकरणों का भी टीम में रखा पूरा ख्याल
बता दें कि जाटलैंड कहे जाने वाले हरियाणा में सैनी बिरादरी की भी अच्छी संख्या है। ऐसे में बलबीर सिंह सैनी को जिम्मेदारी मिलना अहम है। दरअसल बीते साल पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद से आम आदमी पार्टी का फोकस हरियाणा पर है। दिल्ली में उसकी सरकार और फिर पंजाब में भी है। ऐसे में बीच में पड़ने वाले हरियाणा पर भी वह असर डालना चाहती है। आम आदमी पार्टी को लगता है कि अब वह पंजाब के जरिए हरियाणा और हिमाचल जैसे राज्यों में भी एंट्री पर फोकस कर सकती है।


पंचायत चुनाव में कुछ सीटें जीतने से बढ़ा है उत्साह
बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनाव के साथ ही हिमाचल में भी इलेक्शन थे। गुजरात में पार्टी ने करीब आधा दर्जन सीटें जीत ली थीं, लेकिन हिमाचल में उसे एक भी सीट नहीं मिल पाई थी। बता दें कि हरियाणा के पंचायत चुनाव में भी कुछ सीटें आम आदमी पार्टी जीत चुकी है। तभी से उसका उत्साह राज्य में विस्तार को लेकर बढ़ा है। बीते साल से ही राज्य में पार्टी ने सदस्यता अभियान भी चलाया है।