Delhi Heatwave: दिल्ली में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, अगले 7 दिनों तक मिलेगी राहत; बढ़ेगा तापमान

Delhi IMD Heatwave Alert: राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। वहीं, अब मौसम विभाग के वैज्ञानिक ने बताया कि मई के पहले पखवाड़े में हीटवेव की स्थिति पश्चिमी विक्षोभ के कारण कम गंभीर थी। जिसने उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों को प्रभावित किया। मौसम विभाग के वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया, 'अगला पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत में आ रहा है, अगले 7 दिनों तक, हम वहां हीटवेव की स्थिति की उम्मीद नहीं कर रहे हैं, लेकिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।'
उन्होंने बताया कि हरियाणा, दक्षिण हरियाणा, दिल्ली एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में धूल भरी हवाएं चल रही हैं। इसकी वजह यह है कि एक पश्चिमी विक्षोभ गुजर चुका है और तेज हवाएं चल रही हैं। इसके अलावा, पिछले सप्ताह तापमान काफी अधिक था, ज्यादातर 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर। साथ ही उन्होंने कहा कि फ़िलहाल वातावरण शुष्क है, और गर्म वातावरण के कारण मिट्टी ढीली हो गई है। इसलिए 40-45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं सतह से धूल उठा रही हैं और इसे वायुमंडल में फैला रही हैं।
बता दें कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली में पिछले चार दिन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा जिससे गर्मी बढ़ गयी। आईएमडी के अनुसार, शाम तक आंशिक रूप से बादल छाने तथा बहुत हल्की बारिश होने से थोड़ी राहत मिल सकती है। रविवार तक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
भारत मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री से अधिक है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग के मुताबिक सोमवार को कई इलाकों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ी। वहीं, रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।