Haryana News

Chittapur Election Result 2023 Live: कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे प्रियांक खड़गे की बड़ी जीत, चित्तपुर से लगाई हैट्रिक

 | 
Chittapur Election Result 2023 Live: कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे प्रियांक खड़गे की बड़ी जीत, चित्तपुर से लगाई हैट्रिक

Karnataka Election 2023, Chittapur Result Live: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे चुनाव जीत गए हैं। वह चित्तपुर सुरक्षित सीट से तीसरी बार किस्मत आजमा रहे थे। प्रियांक ने बीजेपी के मणिकांत राठौड़ को करीब 14 हजार के मतों के अंतर से हराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कमेंट कर प्रियांक खड़गे चर्चा में आ गए थे।

कर्नाटक विधानसभा की गुलबर्गा जिले की चित्तपुर विधानसभा सीट अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित सीट है। यह इलाका गुलबर्गा संसदीय क्षेत्र और हैदराबाद कर्नाटक क्षेत्र के तहत आता है। प्रियांक खड़गे इस सीट से दो बार से विधायक  रहे हैं और तीसरी बार यहां से कांग्रेस के टिकट पर किस्मत आजमा रहे थे।  

उनके खिलाफ जनता दल (सेक्युलर) से सुभाष चंद्र राठौड़, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मणिकांत राठौड़ और आम आदमी पार्टी (आप) से जगदीश एस सागर मैदान में थे। एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने 2018 में बीजेपी के वाल्मीक नाइक को 4393 वोटों के मार्जिन से हराया था।

प्रियांक खड़गे के नाम प्रदेश में सबसे कम उम्र में मंत्री बनने का रिकॉर्ड है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के शासनकाल में उन्हें मंत्री बनाया गया था, तब उनकी उम्र 38 साल थी। उस वक्त वह आईटी और पर्यटन मंत्री बनाए गए थे। 2018 में एचडी कुमारास्वामी की सरकार में जूनियर खड़गे को समाज कल्याण मंत्री बनाया गया था।

बेंगलुरु में जन्मे प्रियांक खड़गे के पास ग्राफिक्स और एनिमेशन डिजाइन में डिग्री है। वो ग्राफिक्स डिजाइन में एक प्रोफेशनल के तौर पर भी काम कर चुके हैं, लेकिन उनके पॉलिटिकल करियर में एक बड़ा उछाल तब आया, जब साल 2009 में कर्नाटक विधानसभा उपचुनाव में चितापुर से चुनाव लड़कर विधानसभा में प्रवेश किया।

प्रियांक खड़गे साल 1999 में अपने कॉलेज में NSUI के महासचिव चुने गए थे। साल 2001 से 2005 तक वह कर्नाटक स्टेट NSUI के महासचिव रहे। उसके बाद 2007 से साल 2011 तक प्रियांक ने कर्नाटक प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव के पद पर भी काम किया। उसके बाद वे कर्नाटक में युवा कांग्रेस के महासचिव बनाए गए।