चिदंबरम ने माना बिहार-बंगाल और राजस्थान में हुए महिलाओं के खिलाफ अपराध, लेकिन...

कांग्रेस के दिग्गज नेता पी चिदंबरम ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के द्वारा लगाए गए उन आरोपों को स्वीकार किया कि बिहार, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं हुई हैं। लेकिन उन्होंने मणिपुर में जारी हिंसा से तुलना करने के लिए केंद्र सरकार पर हमला भी बोला है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा लगाए आरोपों के बाद चिदंबरम ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा था कि राजस्थान, पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे विपक्षी दलों द्वारा शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराधों की एक लंबी सूची है, लेकिन वे मणिपुर की घटना पर राजनीति कर रहे हैं।
नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित विपक्ष के तमाम नेताओं की आलोचना की। उन पर गैर-भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों पर चुप रहने का आरोप लगाया। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया, "पिछले चार वर्षों में राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध के एक लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। राजस्थान में महिलाओं पर यौन उत्पीड़न से संबंधित कुल 33,000 मामले हैं।"
अनुराग ठाकुर पर पलटनार करते हुए ट्विटर पर चिदंबरम ने पूछा, "मणिपुर की स्थिति की तुलना बिहार, पश्चिम बंगाल और राजस्थान की स्थिति से कैसे की जा सकती है? उन्होंने, ''आइए मान लें कि बिहार, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं हुईं। यह मणिपुर में जारी और अनवरत हिंसा को कैसे माफ करता है? क्या घाटी में कोई कुकी बचा है? क्या चुराचांदपुर और मणिपुर के अन्य पहाड़ी जिलों में कोई मेइती बचा है?” चिदंबरम ने कहा कि अगर रिपोर्ट सच है तो मणिपुर में जातीय सफाया लगभग पूरा हो चुका है।