Haryana: प्रेमिका के घर में प्रेमी ने खाया जहर, 12 दिन बाद थी शादी, मौत से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार एक गांव निवासी 22 वर्षीय युवक की छह मार्च को शादी थी। उसने अपने फुफेरे भाई के साथ मंगलवार रात खाना खाया। खाना खाने के बाद सभी सो गए थे। इसके बाद वह घर से निकला गया। सुबह साढ़े चार बजे युवक ने अपने फुफेरे भाई को कॉल कर सूचना दी कि उसने एक व्यक्ति के मकान में सल्फाश खा लिया है। वह उस व्यक्ति की 18 वर्षीय बेटी से प्यार करता है।
सूचना मिलते ही लड़के के परिजन सुबह करीब पांच बजे व्यक्ति के मकान में पहुंचे। दरवाजा खुलवाया और मामले की जानकारी दी। उन्होंने लड़का-लड़की दोनों को ढूंढा तो वह दोनों मकान की तीसरी मंजिल पर चारपाई पर बेहोशी की हालत में मिले।
दोनों को अलग-अलग अस्पताल में कराया भर्ती
युवक को उसके परिजन पहले एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे लेकर दूसरे निजी अस्पताल पहुंचे, जहां पर दोपहर 12 बजे उसकी मौत हो गई।
नहीं दी किसी को प्रेम की सूचना, दोनों परिवार अंतरजातीय
परिजनों का कहना है कि लड़का-लड़की दोनों ने अपने अपने परिवार में किसी को इसकी सूचना नहीं दी। दोनों ही अलग-अलग जाति से संबंध रखते है। शायद इसीलिए उन्होंने परिवार से अपने प्रेम का जिक्र नहीं किया। परिजनों का कहना है कि अगर वह जिक्र करते तो वह विचार विमर्श करते लेकिन इससे पहले ही उन्होंने इतना बड़ा कदम उठा लिया।
तीन बहन भाइयों में मंझला था युवक
तीन बहन भाइयों में युवक मंझला था। उसके पिता खेतीबाड़ी करते है। वहीं लड़की भी 12वीं कक्षा की छात्रा है, उसके पिता भी खेतीबाड़ी करते है।
लड़के का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है, लड़की की फिलहाल हालत गंभीर है, इसलिए अभी उसके बयान दर्ज नहीं किए जा सके है। - अतर सिंह, सनौली थाना प्रभारी।