Haryana News

Sonali Phogat Case: भाजपा नेता सोनाली फोगाट हत्याकांड में गोवा, पुलिस ने पीए सुधीर सांगवान के साथ सुखविंद्र को किया गिरफ्तार

 | 
Sonali Phogat Case: भाजपा नेता सोनाली फोगाट हत्याकांड में गोवा, पुलिस ने पीए सुधीर सांगवान के साथ सुखविंद्र को किया गिरफ्तार

भाजपा नेता सोनाली फोगाट हत्याकांड में गोवा पुलिस ने पीए सुधीर सांगवान के साथ दादरी जिला के गांव मंदोला निवासी सुखविंद्र को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी सुखविंद्र रक्षाबंधन पर आखिरी बार घर आया था। चार दिन पहले परिजनों से हुई बातचीत में सुखविंद्र ने किसी काम से मुंबई में होने की बात कही थी। इस बात का खुलासा सुखविंद्र के पिता धर्म सिंह ने संवाददाता से हुई बातचीत में किया। उन्होंने कहा कि पूरा यकीन है कि बेटा निर्दोष है।

1


धर्म सिंह का कहना है कि उनका बेटा हत्या जैसा घिनौना काम नहीं कर सकता। उनके दो भाइयों में पांच संतानें हैं। सुखविंद्र चार बहनों में इकलौता भाई है। सुखविंद्र गढ़ी में क्रशर चलाता है और वहीं रहता था। उन्होंने बताया कि सुखविंद्र प्रतिदिन घर नहीं आता था। परिजनों की फोन पर बात भी कभी-कभार होती थी। धर्म सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई अमरचंद सेना में था, जो कई साल पहले शहीद हो गया था।


सोनाली फोगाट और सुधीर को नहीं जानते परिजन

सुखविंद्र के पिता धर्म सिंह ने बताया कि उनके पास मोबाइल भी नहीं है। कभी-कभी घर वाले मोबाइल पर ही सुखविंद्र की कॉल आती तो बातचीत हो जाती थी। उन्होंने बताया कि सोनाली के निधन के बारे में उन्हें वीरवार को ही पता चला। उन्होंने कहा कि सोनाली और उनके पीए एवं मामले के आरोपी सुधीर को नहीं जानते। वो कभी मंदोला उनके घर पर भी नहीं आए।


किसी राजनीतिक पार्टी के साथ नहीं संबंध

धर्म सिंह ने बताया कि उनका किसी भी राजनीतिक पार्टी के साथ कोई संबंध नहीं है। वो खेती के साथ पशुपालन करके अपना गुजारा करते हैं। उन्होंने अपना फटा कुर्ता दिखाते हुए कहा कि लोग उनके परिवार के राजनेताओं के संपर्क में होने की अनर्गल बात कर रहे हैं, जबकि अगर ये सच्चाई होती तो वो क्या फटा कुर्ता पहनते।

2


चर्चा: 10 साल पहले गोपाल कांडा के संपर्क में आया था सुखविंद्र

ग्रामीणों ने बताया कि सुखविंद्र करीब दस साल पहले गोपाल कांडा के संपर्क में आया था। काफी समय पहले गोपाल कांडा उनके गांव भी आए थे। हालांकि धर्म सिंह से इस संबंध में कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।


रोहतक सनसिटी में है सोनाली के पीए का घर

भाजपा नेता एवं टिक-टॉक स्टार सोनाली फोगाट की मौत मामले में जुड़े पीए सुधीर सांगवान का घर रोहतक के सनसिटी में है। यहां तीन मंजिला भवन के भूतल पर आरोपी का निवास बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है।

3


सनसिटी इलाके के लोगों की माने तो सोनाली का पीए अपने परिवार के साथ यहां रहता है। पहले वह अक्सर दिखाई देता था। अब पिछले काफी समय से वह नहीं आ रहा है। ज्यादातर वह घरेलू जरूरत का सामान खरीदने या हजामत कराने आता था। यही नहीं, शुक्रवार शाम जब मीडिया ने उसके घर के आसपास पता किया तो एक बाइक सवार ने झुंझलाकर पीए के यहां नहीं रहने की बात कही। पहले वे यहां रहते थे। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस से संपर्क करने पर पीए या उससे जुड़ी किसी भी बात की जानकारी होने से पुलिस अधिकारी ने इनकार किया है। थाना प्रभारी की माने तो इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। पीए यहां रहता है या नहीं वे नहीं जानते।

4


इधर, खुफिया विभाग इस मामले को लेकर पूरी तरह चौकन्ना नजर आ रहा है। विभाग के पास पीए व उससे जुड़ी पुख्ता जानकारी होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इस बारे में विभाग के अधिकारी ने जानकारी साझा करने से परहेज बरता है।