Haryana News

99 साल की उम्र, अरबपतियों की लिस्ट में शामिल हुआ भारतीय, जानिए क्या है कारोबार

 | 
99 साल की उम्र, अरबपतियों की लिस्ट में शामिल हुआ भारतीय, जानिए क्या है कारोबार

Forbes Billionaires List 2023: अरबपतियों की दौलत आंकने वाली पत्रिका फोर्ब्स की 2023 की सूची आ गई है। फोर्ब्स के मुताबिक मुकेश अंबानी भारत के सबसे रईस अरबपति बने हुए हैं। वहीं, इस बार 16 नए अरबपतियों में से तीन महिलाओं ने जगह बनाई है। इसके अलावा केशब महिंद्रा ने फोर्ब्स की सूची में वापसी की है और वह सबसे उम्रदराज भारतीय अरबपति हैं। 99 वर्षीय केशब महिंद्रा की संपत्ति 1.2 बिलियन डॉलर है।

कौन है केशब महिंद्रा
महिंद्रा एंड महिंद्रा के एमेरिटस चेयरमैन केशब महिंद्रा ने पेन्सिलवेनिया यूनिवर्सिटी, अमेरिका से स्नातक की पढ़ाई की है। 1947 में कंपनी ज्वाइन करने के बाद 1963 में वे चेयरमैन बने। महिंद्रा की वेबसाइट के मुताबिक केंद्रीय उद्योग सलाहकार परिषद सहित कई समितियों में काम करने के लिए केशब महिंद्रा को नियुक्त किया जा चुका है। 2004 से 2010 तक वह प्रधानमंत्री की व्यापार और उद्योग परिषद, नई दिल्ली के सदस्य थे। उन्होंने सेल, टाटा स्टील, टाटा केमिकल्स, इंडियन होटल्स, आईएफसी और आईसीआईसीआई सहित कई अलग-अलग कंपनियों के बोर्ड और काउंसिल में भी काम किया है। 

3 महिलाएं शामिल
फोर्ब्स की 2023 की भारतीय अरबपतियों की सूची में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। इन महिलाओं में 59 वर्षीय रेखा झुनझुनवाला हैं। रेखा झुनझुनवाला की कुल संपत्ति 5.1 बिलियन डॉलर थी। वह शेयर बाजार के बिग बुल रहे दिवंगत राकेश झुनझुनवाला की पत्नी हैं। पिछले साल राकेश झुनझुनवाला का निधन हुआ था। फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक रेखा झुनझुनवाला के पति की मृत्यु के बाद उनका स्टॉक पोर्टफोलियो विरासत में मिला है। इस पोर्टफोलियो में टाटा मोटर्स और टाइटन जैसी प्रमुख कंपनियों में शामिल हैं। इन कंपनियों में झुनझुनवाला फैमिली का निवेश है।


रोहिका मिस्त्री भी शामिल
इसके अलावा दिवंगत अरबपति पलोनजी मिस्त्री की बहू रोहिका साइरस मिस्त्री ने पहली बार फोर्ब्स की सूची में जगह बनाई है। वह टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की पत्नी हैं। साइरस की पिछले साल सितंबर में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। रोहिका ने साइरस मिस्त्री से करीब 30 साल पहले शादी की थी। 55 साल की रोहिका अनुभवी वकील इकबाल छागला की बेटी हैं।

फोर्ब्स के मुताबिक सरोज रानी गुप्ता 1.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ एक सेल्फमेड अरबपति हैं। वह 72 वर्षीय अपने दिवंगत पति एसके गुप्ता के साथ एपीएल अपोलो ट्यूब्स की सह-संस्थापक हैं। कंपनी 1986 में अस्तित्व में आई। सरोज के बेटे संजय गुप्ता एपीएल अपोलो ट्यूब के प्रबंध निदेशक हैं।

बता दें कि ओपी जिंदल ग्रुप की एमेरिटा चेयरपर्सन सावित्री जिंदल (73) भारत की सबसे अमीर महिला हैं। उसके पास 17 बिलियन डॉलर की संपत्ति है। अन्य महिला अरबपतियों में पूर्व बैंकर फाल्गुनी नायर ने FSN ई-कॉमर्स वेंचर्स के अपने शेयरों में गिरावट के बावजूद भारत की सबसे अमीर सेल्फमेड महिला अरबपति के रूप में अपना खिताब बरकरार रखा है। फोर्ब्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2022 में 4.5 अरब डॉलर की तुलना में अब उनकी कुल संपत्ति 2.6 अरब डॉलर है।

सबसे कम उम्र के अरबपति
फोर्ब्स की सूची में इस साल के सबसे कम उम्र के भारतीय अरबपति 36 वर्षीय निखिल कामथ और उनके बड़े भाई नितिन कामथ हैं। दोनों भाई ब्रोकरेज जेरोधा के सह-संस्थापक हैं। निखिल की संपत्ति 1.1 अरब डॉलर है, वहीं नितिन की संपत्ति 2.7 अरब डॉलर है।