Haryana News

हरियाणा के बहादुरगढ़ फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, गैस लीक होने से 4 मजदूरों की मौत, दो की हालत नाजुक

 | 
हरियाणा के बहादुरगढ़ फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, गैस लीक होने से 4 मजदूरों की मौत, दो की हालत नाजुक

रोहद इंडस्ट्रियल एरिया (Rohad Industrial Area) में बुधवार की दोपहर जबरदस्त हादसा हो गया। यहां एक कंपनी में गैस लीक होने के चलते दम घुटने से चार श्रमिकों की मौत (Death) हो गई। आईसीयू (ICU) में भर्ती अन्य दो श्रमिकों की हालत गंभीर बनी हुई है। आसौदा थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। शवों को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया गया है।

दरअसल, दिल्ली के निवासी हितेश की रोहद में एरोफ्लेक्स नाम से कंपनी है। इस कंपनी में इंजन की गैस किट (सील) बनाई जाती है। काम के लिए छह बाई छह के पिट (गड्ढे) बना रखे हैं। बुधवार की दोपहर को कंपनी में काम चल रहा था। कुछ श्रमिक पानी के गड्ढों में काम कर रहे थे। इस दौरान अचानक गैस लीक हो गई और तेजी से फैल गई। कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। अधिकतर भाग गए लेकिन कुछ चपेट में आ गए। गैस के कारण दम घुटने से छह श्रमिकों की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में इन्हें बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में लाया गया। जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने चार श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया।


 
मृतकों की पहचान राजबीर निवासी तिहार यूपी, अजय निवासी नवाबगंज यूपी, जगतपाल निवासी शाहजहांपुर यूपी और प्रकाश निवासी बाराबांकी यूपी के रूप में हुई है। शाहजहांपुर के मयंक और विकास की हालत नाजुक है। ये दोनों आईसीयू में हैं। उधर, सूचना पाकर पुलिस हरकत में आई। आसौदा थाने से पुलिस की टीम फैक्ट्री में मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर आकर हालातों का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।